
रतलाम। श्री सज्जन क्रिकेट क्लब रतलाम द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंडर-16 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्लब के युवा खिलाड़ियों ने जोश, जुनून एवं खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला श्री सज्जन टाइगर एवं श्री सज्जन चीता टीम के मध्य खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री सज्जन टाइगर टीम विजेता बनी और खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में श्री सज्जन पैंथर एवं श्री सज्जन लॉयंस टीमों ने भी भाग लिया फाइनल मुकाबले एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल एवं विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश भाजपा खेल प्रकोष्ठ के यतेंद्र भारद्वाज उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने क्लब में बालिका क्रिकेट टीम को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अब समय रतलाम की बेटियों का है, जो प्रदेश, देश एवं विदेश स्तर पर रतलाम का नाम रोशन करेंगी।
टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द लीग का पुरस्कार सार्थक धाकड़ को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट बैटर दिव्यांश गौड़, बेस्ट बॉलर राघव पाटीदार, बेस्ट फील्डर विधान सिंह चावड़ा एवं बेस्ट ऑलराउंडर चिराग सिंह सोलंकी रहे। प्रत्येक मैच के प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार सार्थक धाकड़, चित्रांश कुशवाहा, चिराग सोलंकी, इरफान, विधान एवं काव्यांश टेलर को प्रदान किए गए सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
क्लब के अध्यक्ष एवं संचालक दिग्विजय सिंह राठौर ने बताया कि वर्तमान में क्लब द्वारा ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इस वर्ष बालिकाओं ने क्रिकेट के प्रति विशेष रुचि दिखाई है। क्लब में विभिन्न आयु वर्ग की लगभग 20 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं तथा उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में क्लब में 150 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है। रतलाम एवं आसपास के क्षेत्रों से भी कई खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने क्लब पहुंच रहे हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
क्लब के कोषाध्यक्ष अजय मालाकार ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब के खिलाड़ियों को चार टीमों में विभाजित किया गया था। सभी टीमों ने लीग प्रणाली के तहत एक-दूसरे के विरुद्ध मुकाबले खेले, जिसके बाद श्रेष्ठ दो टीमों के मध्य फाइनल मैच आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों ने हार-जीत से ऊपर उठकर शानदार खेल भावना और जज्बा दिखाया। ये सभी खिलाड़ी क्लब की शान हैं और भविष्य में रतलाम का नाम रोशन करेंगे।

