
रतलाम. शास्त्री नगर स्थित साई मंदिर में 26 अप्रैल से 7 मई तक 35वां साई बाबा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा। इस 12 दिवसीय आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। चार दिन प्रभातफेरी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसकी शुरुआत रविवार सुबह 5.30 बजे औद्योगिक क्षेत्र थाने से होगी, जो प्रमुख मार्गों से हो साई मंदिर इंद्रलोक नगर पहुंचेगी।
साई सेवा समिति ट्रस्ट शास्त्री नगर के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कोठारी, अनिल सिसोदिया, संदीप कोलेम्वेकर, कैलाश व्यास, प्रकाश मालपानी, राकेश देसाई, श्वेता विन्दुरकर आदि ने पत्रकारों को बताया कि इस साल साई के भंडारे में करीब 70 हजार श्रद्धालुओं के लिए परम्परागत प्रसादी का व्यवस्था रहेगी। गर्मी के मद्देनजर पांडाल में फोगर्स लगाए जाएंगे।
महोत्सव के अन्तर्गत 29 अप्रैल को शाम 6 बजे भिक्षा झोली का कार्यक्रम होगा। 30 अप्रैल को की सुबह 6 बजे अखंड रामायण का पाठ शुरू होगा। जिसकी पूर्णाहुति। एक मई सुबह 10.30 बजे हवन के साथ होगी। बच्चों के लिए 2 मई को चित्रकला और 3 मई को गणपति बनाओ प्रतियोगिता रखी गई है। दोनों प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी। 2 मई को पिपलियामंडी साई भक्त मण्डल और 3 मई को अमर पंजाबी एवं मंडली द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। 5 मई को कुशाभाऊ ठाकरे तरणताल के पास सिविक सेन्टर में भक्ति नृत्य आराधना का आयोजन होगा। 4 मई की शाम 6 बजे साई मंदिर शास्त्री नगर से साई पालकी यात्रा निकाली जाएगी। 6 मई की सुबह 8 से शाम 6 बजे तक साई पारायण होगा।
7 को साईं का भंडारा
महोत्सव का समापन 7 मई साई भण्डार के साथ होगा, जो सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस दिन सुबह 5.30 बजे काकड़ आरती, सुबह 6 से 6.30 बजे तक अभिषेक पूजा, 6.30 से 8.30 बजे तक महाभिषेक और सुबह 10.30 बजे भोग आरती होगी। प्रभातफेरी 26 अप्रेल औद्योगिक क्षेत्र थाने से साई मंदिर इंद्रलोक नगर तक निकाली जाएगी। 27 अप्रैल को तेजाजी नगर ब्लॉक न. 1 हनुमान मंदिर से साई मंदिर रामगढ़ तक। 28 अप्रैल को राधाकृष्ण मंदिर बाजना बस स्टैंड से हिम्मत नगर साई मंदिर तक। 30 अप्रैल को साई मंदिर शास्त्री नगर से साईं मंदिर शास्त्री नगर तक होगी।

