रतलाम ।दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का रतलाम पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में कि शेयर मार्केट और पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से सुपारी देकर फायरिंग करवाने की बात सामने आई है।
विशेष टीम गठित कर शुरू की गई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो एवं एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में दीनदयाल नगर, साइबर सेल और सीसीटीवी शाखा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया तथा विभिन्न संभावित पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई गई। गहन पड़ताल और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही और फायरिंग में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का विवरण –
गोलीकांड का खुलासा एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) ने शनिवार देर शाम पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया के समक्ष किया। एसपी ने बताया शुक्रवार 19 जून को लगभग दोपहर 3:16 बजे थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के मकान नंबर 80, सैफी नगर, रतलाम पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई। घटना के समय फरियादी कमल सोनी, जो चांदनी चौक स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक हैं, अपने पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित सोनी, दिव्यांश सोनी एवं पुत्रवधू मौजूद थे।
पत्नी मनीषा सोनी पर चलाई गोली
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चेहरे ढके हुए चार आरोपी घर के बाहर पहुंचे। मनीषा सोनी के खिड़की के पास खड़े होने पर एक आरोपी ने जान से मारने की नियत से पिस्टल से फायर किया। सतर्कता दिखाते हुए पीड़िता नीचे झुक गईं, जिससे गोली उन्हें न लगकर खिड़की के कांच में लगी और कांच टूट गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना दीनदयाल नगर में हत्या के प्रयास संबंधी प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने विनय शर्मा उर्फ वीनू के कहने पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि फरियादी के पुत्र दिव्यांश का सरवन निवासी आदित्य के साथ शेयर मार्केट/एमसीएक्स से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था तथा इस संबंध में पूर्व में शिकायत भी दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित रूप से आदित्य द्वारा पैसों की वसूली/दबाव बनाने के उद्देश्य से विनय शर्मा को सुपारी दी गई, जिसके बाद विनय शर्मा ने अपने साथियों के माध्यम से फायरिंग की वारदात करवाई।
गिरफ्तार आरोपी
भोला पिता रामेश्वर पाटीदार (29 वर्ष), निवासी पैलेस रोड, रतलाम
विनीत उर्फ चुचू पिता महेंद्र सिंह बड़गोतिया (25 वर्ष), निवासी रिटायर्ड कॉलोनी, लक्ष्मणपुरा, रतलाम
अजय उर्फ गट्टू पिता हरिराम चौहान (24 वर्ष), निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम
रविन्द्र पिता मिथलेश राजन (32 वर्ष), निवासी रेल नगर, रतलाम
कन्हैया नायक पिता हीरालाल उम्र 43 वर्ष
फरार आरोपी
विनोद उर्फ वीनू पिता प्यारेलाल शर्मा एवं अन्य
शामिल व्यक्तियों की भूमिका पर जांच
प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों, घटना में प्रयुक्त हथियारों तथा पूरे षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। रतलाम पुलिस द्वारा सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
मामले के खुलासे में उप निरीक्षक अनुराग यादव, उप निरीक्षक जीवन बारिया, उप निरीक्षक राजा तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, अभिषेक पाठक, हर्षल शर्मा, संदीप कुमावत, दीपकसिंह, शान्तीलाल डिण्डोर एवं रवि चंदेल की सराहनीय भूमिका रही।

