CCTNS में रतलाम पुलिस बनी प्रदेश की नंबर -1 ; एसपी अमित कुमार को भोपाल में मिला सम्मान,भोपाल में आयोजित ICJS कार्यशाला में एसपी अमित कुमार को सौंपी गई सम्मान शील्ड

डीजीपी कैलाश मकवाना और न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर की उपस्थिति में हुआ सम्मान

डिजिटल पुलिसिंग और ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिली उपलब्धि

रतलाम,28 जून डिजिटल पुलिसिंग और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में रतलाम पुलिस ने प्रदेशभर में एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के प्रभावी और उत्कृष्ट संचालन में रतलाम पुलिस को वर्ष 2025 के प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए रतलाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार (IPS) को भोपाल में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल द्वारा रविवार (28 जून) को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल में ‘इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम’ (ICJS) विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसी गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान सीसीटीएनएस के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरे प्रदेश में अव्वल आने पर रतलाम एसपी श्री अमित कुमार को सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान की गई।

इन दिग्गजों की रही मौजूदगी

​कार्यशाला एवं सम्मान समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना, न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर, एनसीआरबी नई दिल्ली के उपनिदेशक प्रसून गुप्ता, मुंबई के फॉरेंसिक व सायबर एक्सपर्ट डॉ. सैयद शरीक रिजवी, विशेष पुलिस महानिदेशक (अअवि) पंकज श्रीवास्तव और एनआईसी भोपाल के सुनील जैन सहित पुलिस व न्यायिक क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे

क्यों मिला रतलाम को यह शीर्ष स्थान?

​रतलाम पुलिस को यह सम्मान अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी रूप से सुदृढ़ संधारण (डेटा एंट्री व ट्रैकिंग) के लिए दिया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल पुलिसिंग को जमीनी स्तर पर पारदर्शी बनाने में रतलाम पुलिस का प्रदर्शन पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा

एसपी ने दिया पूरी टीम को श्रेय

​इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने रतलाम पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस शाखा के प्रभारियों व पूरी टीम को बधाई दी है

“यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे रतलाम पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयास, कड़े अनुशासन और तकनीकी दक्षता का प्रतिफल है। भविष्य में भी आमजन को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हमारी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।”
— अमित कुमार, एसपी, रतलाम

Facebook
WhatsApp