रतलाम /ओल्ड रेलवे कॉलोनी में डबल मर्डर ; एक गंभीर घायल, दो युवकों की हत्या शादी समारोह बना विवाद का कारण, जीआरपी की लापरवाही आई सामने

रतलाम,4मई बीती रात शहर के ओल्ड रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में मामूली विवाद में दो लोगों की हत्या (डबल मर्डर) का मामला सामने आया है।जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला जीआरपी थाना क्षेत्र का है लेकिन घटना के बाद एसपी अमित कुमार सहित शहर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शहर के आईए थाना क्षेत्र में शून्य पर प्रकरण पंजीबद्ध कर मामला जीआरपी को सोंपा गया। घटना के बाद सोमवार सुबह रेल एडिशनल एसपी हेमंत चौहान भी रतलाम पहुंचे हैं।

घटना शहर के जीआरपी थाना क्षेत्र में ओल्ड रेलवे क्वार्टर के सामने रविवार देर रात हुई । चाकूबाजी की घटना में दो युवकों की मौत हो गई।मृतकों में 36 वर्षीय आनंद पिता गोविंद सिंह रावत निवासी पीएण्डटी कॉलोनी और 38 वर्षीय शाहाबाद पिता आफताब निवासी पीएनटी कॉलोनी है। जबकि 22 वर्षीय पीयूष पिता कुंदन निवासी पीएनटी कॉलोनी गंभीर घायल हुआ है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत एक शादी समारोह में बिंदौली (प्रोसेशन) के दौरान हुई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन मामला शांत हो गया था। इसके बाद देर रात दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते चाकूबाजी में बदल गया।

पुलिस के अनुसार फरियादी पीयूष पुत्र कुंदन रावत, उम्र 22 वर्ष, निवासी 383 पीएनटी कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह हम्माली का कार्य करता है। इंदौर में रहता है,और 10-15 दिन पहले पहले ही रतलाम आया था रात करीब 11:30 बजे वह अपने चचेरे भाई आनंद और मित्र शाहबाज खान के साथ निकला था। इसी दौरान रोजर बिन्नी उनके पास आया और बोला कि उसका मुन्ना व रोहित के साथ विवाद हो गया है। इसी दौरान वहां मुन्ना, रोहित उनके साथियों के साथ आए और विवाद करने लगे।

विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने गाली-गलौज की और हमला कर दिया। मुन्ना ने फरियादी के सिर में ईंट मार दी। बीच-बचाव करने आए दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। घायल जैसे- तैसे बचकर वहां से भागे तो आरोपियों ने उनका पीछा भी किया।

घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पीयूष की हालत गंभीर बनी हुई है।पीयूष को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।देर रात करीब 4 बजे शहर पुलिस द्वारा जीआरपी थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया। मौके पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसआई प्रवीण वास्कले, एसआई ध्यानसिंह सोलंकी, एएसआई विनोद कटारा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा।

पूरे मामले में जीआरपी की लापरवाही भी सामने आई है। घटना के बाद जीआरपी थाना प्रभारी तत्काल न तो घटनास्थल पर पहुंचे और न ही मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आरोपित रोहित , मुन्ना एवं अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (बी), 115(2), 109(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

Facebook
WhatsApp