रतलाम। गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को नई छात्र परिषद (Student Council) का शपथ ग्रहण समारोह और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर हेड बॉय तन्मय सिंह चौहान, हेड गर्ल कु. वंशिका शर्मा साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथि के रूप में पधारे रतलाम ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी ने बढ़ाई। उन्होंने नवनिर्वाचित विद्यार्थियों को बैज और पदभार सौंपते हुए उन्हें अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर और प्रधानाध्यापिका श्रीमती पूनम जसूजा ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
शपथ ग्रहण के उपरांत विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्नों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, गणेश वंदना, पपेट डांस, पी टी डांस के माध्यम से अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। मार्च पास्ट व बेण्ड का मार्गदर्शन देवराज यादव ने किया एवं विद्यार्थियो द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिका श्रीमती राजश्री दुबे, श्रीमती सोनाली बेटावदकर, श्रीमती कविता चौबे, कु भावना शर्मा व कु. रविन्दर कौर द्वारा किया गया कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान कर समापन किया गया।
विद्यालय समिति का मार्गदर्शन
इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय समिति के सम्मानीय सदस्य बलवीर सिंह सोड़ी, कश्मीर सिंह सोड़ी. दिलीप सिंह सोड़ी,प्रीतम सिंह सोढ़ी,जोगिंदर सिंह सोढ़ी,रघुवीर सिंह सोढ़ी व विरेन्द्र सिंह सोढ़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उन्हें सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का अत्यंत कुशल संचालन श्रीमती सीमा उपाध्याय द्वारा किया गया। उनके ओजस्वी शब्दों ने कार्यक्रम में एक नई ऊर्जा का संचार किया। एवं आभार प्रदर्शन हेड गर्ल कु. वंशिका शर्मा द्वारा किया गया।
समारोह के समापन पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ शपथ ली कि वे अपने विद्यालय के मान को बनाए रखेंगे और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।

