शिवसेना में नई जिम्मेदारी: शिवानी सोनी बनीं रतलाम महिला जिला प्रमुख, संगठन ने जताया विश्वास

रतलाम/हिन्दू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे, शिवसेना पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे तथा युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में शिवसेना संगठन का विस्तार करते हुए शिवानी सोनी को रतलाम महिला जिला प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से संगठन में उत्साह का वातावरण है।

यह नियुक्ति राष्ट्रीय संगठक अशोक तिवारी एवं रवीन्द्र कुवेशकर के निर्देशानुसार तथा मध्यप्रदेश राज्य प्रमुख सुनील शर्मा, आईटी सेल प्रमुख नाहर सिंह गौड़, कार्यवाहक राज्य प्रमुख पं. शंकर शर्मा, संगठन प्रमुख चरित्र शर्मा, युवा सेना प्रदेश प्रमुख प्रभात पुरानिया एवं महिला प्रदेश प्रमुख श्यामा देवी नायक की सहमति से रतलाम जिला प्रमुख शांतिलाल मालवीय द्वारा की गई।

नियुक्ति पत्र में शिवानी सोनी को संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे संगठन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासनपूर्वक कार्य करेंगी, संगठन में गुटबाजी या बगावत जैसी गतिविधियों को पनपने नहीं देंगी तथा संगठन विरोधी तत्वों के प्रति सख्त रुख अपनाएंगी।

नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि “हिन्दुत्व ही हमारा प्राण है, राष्ट्र रक्षा ही हमारा धर्म है” के मूल सिद्धांतों पर चलते हुए समाज सेवा एवं समाज सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही माँ भवानी से प्रार्थना की गई है कि वे शिवानी सोनी को निष्काम भाव से संगठन एवं समाज की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।

संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी पदाधिकारी द्वारा संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है अथवा संगठन के अनुशासन का उल्लंघन किया जाता है, तो उसे बिना पूर्व सूचना के पदमुक्त किया जा सकता है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि शिवानी सोनी अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ करेंगी।

Facebook
WhatsApp