
इंदौर के ऐतिहासिक गांधी हॉल में “युवा शक्ति समागम: सशक्त भाजपा, सशक्त भारत” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के नव-नियुक्त प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में भावेश दवे के दायित्व ग्रहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक ऊषा ठाकुर, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भाजपा प्रवक्ता आदित्य दीक्षित, नगर उपाध्यक्ष दीपेश सोलंकी, किसान मोर्चा के सुमेर सोलंकी सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में भावेश दवे ने अपने संगठनात्मक सफर को याद करते हुए कहा कि लगभग 15 वर्ष पूर्व उन्हें मंडल स्तर पर जिम्मेदारी मिली थी और तब से लगातार युवा मोर्चा में सक्रिय रहकर कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षण देने की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें मिली है, जिसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने युवा साथियों से अपील की कि जैसे अब तक सहयोग मिला है, आगे भी संगठन को मजबूत करने में साथ बनाए रखें।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वंदे मातरम् विवाद का उल्लेख किया और कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि देश के लिए समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वोच्च रखें।मिश्रा ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया दोहरा है। एक ओर स्थानीय स्तर पर बयानबाजी की गई, वहीं दूसरी ओर पार्टी नेतृत्व स्पष्ट कार्रवाई करने से बचता नजर आया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राष्ट्रगीत का विरोध किया, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के इतिहास में जब-जब आवश्यकता पड़ी है, युवाओं ने अपने बलिदान से राष्ट्र को मजबूत किया है। उन्होंने 1857 की क्रांति से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक युवाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी देशहित में जागरूक और सक्रिय रहने की जरूरत है।
सुमित मिश्रा ने कहा कि भारत ही एक ऐसा देश है जहां “भारत माता” की अवधारणा है और यहां भूमि, प्रकृति और संस्कृति को मां के रूप में सम्मान दिया जाता है। ऐसे में यदि कोई भारत माता या राष्ट्रगीत का अपमान करता है, तो उसे देश में रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा ने भावेश दवे के लंबे संगठनात्मक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि वे वर्षों से युवाओं का नेतृत्व करते आए हैं और अब उन्हें प्रदेश स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जिसके लिए वे पूरी तरह सक्षम हैं विधायक गोलू शुक्ला ने दवे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा अवस्था वह समय है जब व्यक्ति अपने जीवन का उद्देश्य तय करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करता है और यही सोच देश को आगे ले जाने में सहायक बनेगी।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज भी देश में ऐसी मानसिकता के लोग मौजूद हैं, जो राष्ट्र से ऊपर अपने निजी विचारों और मतों को रखते हैं। उन्होंने वंदे मातरम् और “भारत माता की जय” जैसे राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े विषयों पर विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।उन्होंने कहा कि कुछ लोग राष्ट्रगीत का सम्मान करने में हिचकिचाते हैं, जो देश की एकता और अखंडता के खिलाफ है। यह स्थिति चिंता का विषय है और ऐसे विचारों का जवाब देना युवाओं की जिम्मेदारी है। महापौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाने के बजाय भ्रम की स्थिति पैदा करती है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” का सिद्धांत ही देश को आगे बढ़ाने का मार्ग है और इसी दिशा में युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं ने एक स्वर में भावेश दवे को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा और अधिक सशक्त होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

