रतलाम/ सैलना/सैलाना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-221 सैलाना के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने नगर की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन के सामने मजबूत पहल की है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तरुण जैन सैलाना, लोक निर्माण विभाग तथा नगर परिषद सैलाना को पत्र प्रेषित कर दिलीप मार्ग स्थित मुख्य तालाब के समीप अतिरिक्त जल निकासी के लिए आरसीसी के पक्के नाले के निर्माण की मांग की है, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली विकट स्थिति से नगरवासियों को स्थायी राहत मिल सके।
विधायक डोडियार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सैलाना नगर के दिलीप मार्ग पर स्थित मुख्य तालाब के समीप मानसून के दौरान जलभराव की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है।
तालाब का अतिरिक्त पानी सीधे सैलाना-शिवगढ़ राज्य मार्ग पर आ जाता है, जिससे महज दो से तीन घंटे की बारिश के बाद सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाता है और यह प्रमुख मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है।
उन्होंने कहा कि मार्ग बंद होने के कारण एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी प्रभावित होते हैं। वर्ष 2025 में एक गर्भवती महिला को उपचार के लिए रतलाम रेफर करने में लगभग चार घंटे की देरी हुई थी, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसे हालात किसी भी समय बड़ी दुर्घटना और जनहानि का कारण बन सकते हैं।
विधायक ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, कॉलेज विद्यार्थी, शासकीय कर्मचारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और कई बार उन्हें स्कूल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं आसपास स्थित 150 से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कारोबार भी पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थानीय नागरिक पिछले पांच से छह वर्षों से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं और लगातार आवेदन भी दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्य तालाब के किनारे सड़क के पास आरसीसी का पक्का नाला निर्मित कर अतिरिक्त पानी को नगर से बाहर स्थित निचली भूमि तक पहुंचाया जाए, जिससे बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या समाप्त हो सके और यातायात सुचारु बना रहे।
उन्होंने तीनों विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर इस गंभीर जनसमस्या का त्वरित निराकरण करने की मांग की है। साथ ही चेताया है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले आवश्यक कार्य नहीं किए गए तो पुनः जनधन की हानि और गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं,जिसकी जवाबदेही संबंधित विभागों की होगी।
मानसून की दस्तक से पहले विधायक की इस पहल को नगरवासियों ने राहत भरा कदम बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

