सैलाना में चोरी की बड़ी वारदात ; सर्राफा दुकान का ताला तोड़ 7 किलो से अधिक चांदी के आभूषण ले उड़े चोर ,व्यापारियों में दहशत,पुलिस जुटी जांच में

सैलाना पुलिस गश्त पर उठे सवाल

रतलाम, 21 मई जिले के आदिवासी अंचल सैलाना में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए मुख्य बाजार स्थित एक सोने-चांदी की दुकान को अपना निशाना बनाया है। गुरुवार अलसुबह चोरों ने दुकान का शटर उचकाकर करीब 7 किलो से अधिक चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए आभूषणों की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मुख्य मार्ग पर हुई इस बड़ी वारदात से नगर के व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सैलाना के मुख्य बाजार में जैन मंदिर के पास स्थित अनिल (पिता धर्मचंद चंडालिया) की आभूषण की दुकान शत्रुंजय ज्वेलर्स है। गुरुवार सुबह तकरीबन 3:30 बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर के ताले उचकाए और भीतर दाखिल हो गए। चोर दुकान में रखी 7 किलो से अधिक चांदी के जेवर समेटकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब दुकान मालिक को घटना की भनक लगी तो उनके होश फाख्ता हो गए।

सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

व्यापारियों में दहशत, पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल

​मुख्य मार्ग और जैन मंदिर जैसे व्यस्ततम इलाके में इतनी बड़ी चोरी की वारदात होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की भावना है। इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। व्यापारियों का कहना है कि जब मुख्य मार्ग पर ही पुलिस की मुस्तैदी नहीं है, तो नगर के अन्य अंदरूनी क्षेत्रों और कॉलोनियों की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

Facebook
WhatsApp