सरवन पुलिस की बड़ी कार्रवाई -अवैध MCX कारोबार का बड़ा पर्दाफाश ; करोड़ों का काला खेल ,मुख्य आरोपी आदित्य सोमनी गिरफ्तार – बजरंग दल का पूर्व नेता वीनू शर्मा अब भी फरार,कई बड़े नाम होंगे उजागर

फर्जी MCX ट्रेडिंग एवं धोखाधड़ी मामले में जांच के दौरान सामने आया करोड़ों का नेटवर्क, मोबाइल डेटा से कई आईडी और बड़े पैमाने पर लेनदेन का खुलासा

रतलाम / सरवन । रतलाम जिले में कथित अवैध MCX कारोबार और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े मामले में सरवन पुलिस की जांच लगातार बड़े खुलासों की ओर बढ़ रही है। डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल के दौरान ऐसा नेटवर्क सामने आया है जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।

पुलिस का दावा है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन अब तक मिले तकनीकी साक्ष्य करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की ओर इशारा कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सरवन पुलिस ने अवैध MCX कारोबार एवं उससे जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

डिजिटल साक्ष्य में करोड़ों का लेनदेन

प्रकरण की जांच के दौरान अब तक उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर करोड़ों के संदिग्ध ट्रेडिंग ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।

घटना का विवरण

06 जून 2026 को आवेदक दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी, निवासी सैफी नगर, रतलाम द्वारा थाना सरवन में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई कि आदित्य पिता राजेश सोमानी, निवासी सरवन, द्वारा MCX ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई तथा बाद में उससे लगभग एक करोड़ रुपये की मांग की जा रही है।

शिकायत की जांच उपरांत थाना सरवन में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्य

विवेचना के दौरान आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर उसके मोबाइल फोन एवं डिजिटल डेटा का परीक्षण किया गया प्रारंभिक जांच में मोबाइल से अलग-अलग आईडी संचालित होना पाई गईं, जिनमें बड़े पैमाने पर MCX संबंधी ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं वित्तीय लेनदेन दर्ज मिले अब तक के तकनीकी विश्लेषण में इन आईडी के माध्यम से करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने के संकेत प्राप्त हुए हैं। मामले की गहन जांच जारी है तथा प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर सरवन, सैलाना, रतलाम, महिदपुर, उज्जैन एवं मंदसौर क्षेत्र के कुछ अन्य व्यापारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

डिजिटल फोरेंसिक जांच जारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट करने का प्रयास किया गया था। मोबाइल को विस्तृत फोरेंसिक परीक्षण एवं डाटा रिकवरी के लिए साइबर विशेषज्ञों को भेजा जा रहा है। साथ ही बैंक खातों, डिजिटल भुगतान एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

विवेचना जारी

प्रकरण में वित्तीय लेनदेन की प्रकृति, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी तथ्यों की विस्तृत जांच जारी है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, प्रधान आरक्षक गजेन्द्रसिंह झाला, प्रधान आरक्षक सूर्यपालसिंह, आरक्षक हिम्मतसिंह तथा साइबर टीम से प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक विपुल की सराहनीय भूमिका रही।

Facebook
WhatsApp