खंडवा। खंडवा के रामनगर स्थित बड़े शिव मंदिर प्रांगण में अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष परम श्रद्धेय वीर सावरकर जी की जयंती श्रद्धा, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वीर सावरकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष वीरसिंह राजपूत, युवा मोर्चा प्रदेश संगठन मंत्री पंडित जीतू दुबे, संभाग कार्यकारी अध्यक्ष विजय वर्मा, मातृशक्ति महासभा संभाग उपाध्यक्ष प्रणोति सालुंके, जिला संगठन मंत्री राकेश रायकवार, जिला महामंत्री श्याम नाफड़े एवं नगर अध्यक्ष रघुराज मंडलोई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री पंडित जीतू दुबे ने वीर सावरकर जी के जीवन, राष्ट्र एवं हिन्दू समाज के प्रति उनके त्याग, समर्पण और संघर्षपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज अनेक राजनीतिक दल एवं संगठन स्वयं को वीर सावरकर के विचारों का समर्थक बताते हैं, लेकिन यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब तक उन्हें भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा ने विशेष कार्यक्रम आयोजित कर वीर सावरकर जी को प्रतीकात्मक रूप से भारत रत्न अर्पित कर भारत सरकार को एक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देशभर में उनके नाम पर स्मारक, संस्थान एवं बाजार स्थापित किए गए हैं, किंतु उनका वास्तविक सम्मान तभी पूर्ण होगा जब भारत सरकार उन्हें औपचारिक रूप से भारत रत्न प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वीर सावरकर जी के आदर्शों पर चलने, राष्ट्रहित में कार्य करने एवं समाज के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति और हिन्दू समाज की एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया।

