25 जोड़ों का हुआ वैदिक रस्मों से विवाह,1 मूकबधिर जोड़े का भी हुआ विवाह

पूरी विधानसभा बनी घराती और बाराती,दुल्हन विंटेज कार में तो दूल्हे घोड़ी पर हुए सवार

इंदौर। सर्वजातीय सामुहिक विवाह सम्मेलन आयोजन समिति के दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि क्षेत्र क्रमांक 3 के विधायक गोलू शुक्ला द्वारा बुधवार को गांधी हॉल में निशुल्क सर्वजातीय सामुहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन सम्पन्न हुआ। आयोजन में संत अन्ना महाराज, श्री श्री 1008 दादू महाराज, परम पूज्य नाना महाराज, भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, गोपी कृष्ण नेमा, राजेंद्र शुक्ला, मुग्धा शुक्ला, स्वाति कशीद, आंजनेय शुक्ला, यश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने बताया कि विधायक गोलू शुक्ला द्वारा अनूठी पहल की गई, विधानसभा क्षेत्र क्र.3 के निवासी ऐसे माता-पिता जो अपनी कन्या का विवाह करवाने में असमर्थ हैं या आर्थिक रूप से कमजोर है, उन कन्याओं का विवाह सनातनी विधायक गोलू शुक्ला द्वारा करवाया गया। विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि हमने संकल्प लिया था, कि क्षेत्र की विवाह योग्य निर्धन, दिव्यांग और अनाथ कन्याओं का निशुल्क विवाह करवाएंगे, उसी संकल्प को पूरा करने के लिए सनातन हिन्दू समाज सामुहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया।
वैदिक परंपराओं और रीति रिवाज से हुई विवाह की रस्में
विवाह सम्मेलन में सनातनी वैदिक परंपराओं के तहत विवाह की रस्मों को पूरे रीति रिवाज से विद्वानों द्वारा सम्पन्न करवाया गया। प्रत्येक विवाह मंडप में जोड़े रस्मों की अदायगी के लिए 1 ब्राह्मण एवं सहयोग के लिए 4 कार्यकर्ता उपलब्ध रहें। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में सम्पन्न करवायी गई। 25 जोड़ों ने विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। 1 मूक बधिर जोड़े का विवाह भी सम्पन्न हुआ। गोधूलि बेला में विवाह सम्पन्न हुआ।

विवाह को यादगार बनाने के लिए गांधी हाल की आकर्षक साज सज्जा
इस विवाह समारोह में विवाह की रस्मों को यादगार बनाने के लिए हेरिटेज पैलेस गांधी हॉल की आकर्षक साज सज्जा की गई। नवयुगल के फोटो शूट के दौरान यह हेरिटेज लुक नजर आया। पंडाल में शिवजी-पार्वतीजी विवाह, रामजी-जानकीजी विवाह, लक्ष्मीजी-नारायणजी विवाह, शालीग्रामजी-तुलसीजी विवाह के आकर्षक चित्र पंडाल में लगाए गए। इस अनूठे विवाह सम्मेलन का साक्षी पूरा मध्य क्षेत्र बना।
दुल्हन विंटेज कार में तो दूल्हे घोड़ी पर हुए सवार
बोलिया सरकार की छत्री से गांधी हॉल तक चल समारोह (बारात) निकाला गया। दुल्हन विंटेज कार में तो दूल्हे घोड़ी पर सवार हुए। चल समारोह का सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यापारिक एवं विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा जगह जगह मंच लगाकर स्वागत किया गया। चल समारोह में बारातियों के हर्ष नृत्य के लिए बैंड बाजा, ढोलक और ढोल ताशे भी रहे। साथ ही कन्यादान भी किया गया। विधायक शुक्ला कन्याओं को उपहार स्वरुप गृहस्थी में उपयोग आने वाली सामग्री भेंट की।
देवी-देवताओं के नामों से पंडाल
सम्मेलन के लिए चिमनबाग में बनाए गए पंडालों को 3 भागों में बांटा गया। विवाह पंडाल, भोजन पंडाल और अतिथि पंडाल बनाए गए, जिन्हें संस्कृति के अनुरूप नाम दिए गए, विवाह पंडाल को शिव-पार्वती विवाह पंडाल, भोजन पंडाल को माँ अन्नपूर्णा पंडाल और अतिथि पंडाल को अतिथि देवों भव की तर्ज़ पर समस्त देवगण (अतिथि) पंडाल नाम दिए गए। जल व्यवस्था को माँ नर्मदा पेयजल नाम दिया गया।
कन्यादान में दुल्हनों को उपहार भेंट किए विधायक शुक्ला ने
सात फेरे और नौ वचन लिए दूल्हा दुल्हन ने सम्मेलन में विधायक गोलू शुक्ला कन्यादान किया और कन्यादान में दूल्हा दुल्हन को आकर्षक उपहार भी भेंट किए। कन्याओं के विवाह (सम्मेलन) का पूरा खर्च विधायक गोलू शुक्ला ने उठाया। विवाह समारोह में दूल्हा दुल्हन सात फेरे व नौ वचन लिए। सात वचन एक दूसरे के संग सुख दुख में जीने के हुए, तो आठवां वचन इंदौर को आठवीं बार स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए हुआ, तो नौवां वचन सनातन धर्म और भारत माता की रक्षा के वचन के लिए हुआ। कन्याओं की विदाई भी अनूठे तरीके से की गयी। लग्जरी कारों से दूल्हा-दुल्हन को गंतव्य तक विदा किया गया।
कार्यक्रम की सुचारू रूप से चलने के लिए मुख्य रूप से विधानसभा प्रभारी दिनेश वर्मा आदित्य दीक्षित, गजानन गावडे, आयुष कचोलिया, आशीष शर्मा, रितेश वीरांग चंद्रभानसिंह सोलंकी, बंटी वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की समिति बनाई गई थी।

