दतिया उपचुनाव 2026: प्रचार के लिए MP भाजपा ने कसी कमर,ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा को बनाया चुनाव प्रभारी और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी सह प्रभारी बनाए गए

भोपाल मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करते हुए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। प्रत्याशी के नामांकन के बाद अब भाजपा का पूरा फोकस बूथ स्तर तक चुनावी प्रबंधन को मजबूत करने पर है।

भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह को चुनाव प्रभारी तथा पार्टी के संगठन महामंत्री राहुल कोठारी को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। दोनों नेताओं ने दतिया पहुंचकर चुनावी गतिविधियों की कमान संभाल ली है और स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें शुरू कर दी हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रभारी और सह-प्रभारी चुनाव संचालन, संगठनात्मक समन्वय, प्रचार अभियान, बूथ प्रबंधन तथा वरिष्ठ नेताओं के दौरे की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही वे कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित कर चुनाव अभियान को गति देंगे।

दूसरी ओर, उपचुनाव को लेकर कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। प्रत्याशी के नामांकन के बाद कांग्रेस ने भी अपने वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। दोनों प्रमुख दलों के बीच चुनावी मुकाबला रोचक होने की संभावना है और आने वाले दिनों में दतिया में बड़े नेताओं के दौरे तथा जनसभाओं का सिलसिला तेज होने की उम्मीद है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया उपचुनाव में संगठनात्मक मजबूती और प्रभावी बूथ प्रबंधन निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनाव प्रचार के साथ-साथ संगठन को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दे रही हैं।

बता दें कि बीजेपी ने दतिया विधानसभा उप चुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्‍तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी तथा कांग्रेस ने राजेन्‍द्र भारती का चुनाव निरस्‍त होने के बाद हो रहे उप चुनाव में पूर्व विधायक रहे घनश्‍याम सिंह को अपना उम्‍मीदवार बनाया हैं।

Facebook
WhatsApp