भारतीय पत्रकार संघ बीपीएस का आह्वान: पत्रकार एकता से ही सुरक्षित होंगे अधिकार और सम्मान ; संगठित पत्रकार – सुरक्षित पत्रकार, सम्मानित पत्रकार – सशक्त लोकतंत्र” -पत्रकारों से की जागरूक रहने की अपील

नई दिल्ली, 07 जून 2026।भारतीय पत्रकार संघ (बीपीएस) ने देशभर के पत्रकारों और पत्रकार संगठनों से एकजुट होकर पत्रकार हितों की रक्षा, सम्मान और सुरक्षा के लिए कार्य करने का आह्वान किया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव विवेक पाराशर द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि भारतीय पत्रकार संघ देशभर के पत्रकारों के हितों, मान-सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित एक सशक्त और विश्वसनीय संगठन है।

पत्र में बताया गया कि बीपीएस का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि देशभर में कार्यरत पत्रकारों और पत्रकार संगठनों को एक मंच पर लाकर उन्हें मजबूत प्रतिनिधित्व प्रदान करना है। संगठन का मानना है कि पत्रकारों की आवाज को प्रभावी बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता सबसे बड़ा माध्यम है।

बीपीएस ने दावा किया कि वर्तमान में वह देशभर के 22 से अधिक प्रतिष्ठित पत्रकार संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संगठन का विश्वास है कि जब सभी ईमानदार और सक्रिय पत्रकार संगठन एक मंच पर आएंगे, तब पत्रकार समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।

पत्र में पत्रकार साथियों को सावधान करते हुए कहा गया है कि वर्तमान समय में कुछ ऐसे संगठन भी सक्रिय हैं जो केवल नाम और दिखावे के आधार पर लोगों को जोड़ने का प्रयास करते हैं। कुछ संगठनों के नाम स्थापित संस्थाओं से मिलते-जुलते होने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। बीपीएस ने पत्रकारों से किसी भी संगठन से जुड़ने से पहले उसकी कार्यप्रणाली, विश्वसनीयता, वैधानिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा की जानकारी लेने की अपील की है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी संस्था या व्यक्ति पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने में विश्वास नहीं रखता, लेकिन पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जागरूकता आवश्यक है। साथ ही बीपीएस ने उन वरिष्ठ, जमीनी और निष्पक्ष पत्रकारों का सम्मान व्यक्त किया जो बिना किसी स्वार्थ के पत्रकारिता के मूल्यों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

पत्रकारों से संगठन ने चार प्रमुख अपीलें की हैं— पत्रकार एकता को मजबूत करें, विश्वसनीय एवं सक्रिय संगठनों से जुड़ें, पत्रकारिता की गरिमा एवं नैतिक मूल्यों की रक्षा करें तथा एक-दूसरे के अधिकारों और सम्मान के लिए सदैव खड़े रहें।

अपने संदेश के अंत में भारतीय पत्रकार संघ ने भरोसा दिलाया कि वह वर्तमान और भविष्य में प्रत्येक पत्रकार साथी के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

संगठन ने अपने मूल संदेश “संगठित पत्रकार – सुरक्षित पत्रकार, सम्मानित पत्रकार – सशक्त लोकतंत्र” को दोहराते हुए पत्रकारों से एकजुट होकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Facebook
WhatsApp