बकरीद से पहले ; विहिप-बजरंग दल का जोरदार प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम तहसीलदार पांडे सौंपा ज्ञापन : गौ तस्करी और गौ हत्या पर सख्ती की मांग

रतलाम/बकरीद पर्व से पूर्व संभावित गौ तस्करी और अवैध गौ हत्या की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं गौ रक्षा विभाग के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नवीन कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के नाम तहसीलदार रामचंद्र पांडे को ज्ञापन सौंपा। यह अभियान विश्व हिन्दू परिषद गौ रक्षा विभाग मालवा प्रांत एवं देशी गौवंश रक्षण संवर्धन न्यास के आह्वान पर पूरे मालवा क्षेत्र में चलाया जा रहा है।

ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि बकरीद के दौरान प्रदेशभर में गौवंश तस्करी, अवैध परिवहन और गौ हत्या की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन विशेष सतर्कता बरते तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गौवंश हत्या रोकने के लिए सख्त कानून होने के बावजूद कई स्थानों पर प्रशासनिक लापरवाही और मिलीभगत के कारण गौ तस्कर सक्रिय हैं, जिससे गौ भक्तों और तस्करों के बीच विवाद की स्थिति बनती रहती है।

विश्व हिन्दू परिषद जिला मंत्री गौरव शर्मा ने ज्ञापन का वाचन करते हुए कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है तथा गौ रक्षा राष्ट्र रक्षा के समान है। उन्होंने मांग की कि बकरीद के दौरान वाहनों में गौवंश परिवहन संबंधी किसी भी प्रकार की ढील न दी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए

ज्ञापन में विशेष रूप से मऊ-नीमच फोरलेन स्थित चीकलिया टोल पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि शनिवार और रविवार को इस मार्ग से अवैध गौवंश परिवहन की शिकायतें लगातार मिलती हैं, जिससे कभी भी बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। कार्यकर्ताओं ने यहां वाहनों और दस्तावेजों की सघन जांच की मांग की।

इसके अलावा रतलाम नगर की शासकीय गौशालाओं में बीमार एवं घायल गौवंश के उपचार की बेहतर व्यवस्था, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति तथा पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में उठाई गई। नगर निगम कर्मचारियों द्वारा गौवंश पकड़ने की कार्रवाई में पारदर्शिता लाने, अवैध वसूली रोकने तथा गौपालकों को सूचना देने की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई।

कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद प्रांत गौ रक्षा प्रमुख जगदीश धाकड़, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला मंत्री गौरव शर्मा, बजरंग दल जिला गौ रक्षा प्रमुख दीपक प्रजापत, सह गौ रक्षा प्रमुख गजेंद्र शक्तावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं हिन्दू समाज के लोग उपस्थित रहे। जानकारी विहिप सह प्रचार-प्रसार प्रमुख रिक्की सेन द्वारा दी गई।

Facebook
WhatsApp