रतलाम/एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब द्वारा एसपी अमित सिंह का किया स्वागत, प्रतिनिधिमंडल ने की चर्चा,औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं चोरी की घटनाओं को लेकर मांग

रतलाम।एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अमित सिंह से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं चोरी की घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में वरुण पोरवाल (प्रदेश सचिव, मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज), संदीप व्यास (अध्यक्ष, संभागीय उद्योग संघ) एवं वैभव कुमार जैन (अध्यक्ष, नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन) शामिल थे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में एक नवीन पुलिस चौकी स्थापित करने का निवेदन किया।

इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने शीघ्र ही औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने तथा रात्रिकालीन गश्त के लिए तीन पुलिस जवानों की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया तथा औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा हेतु कार्यरत समस्त नवीन कर्मचारियों एवं श्रमिकों के पुलिस वेरिफिकेशन कराने का सुझाव दिया।

इसके साथ ही, नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर स्थित एमपीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र की रिक्त भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विषय में भी जिला पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। ईसीसी के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन गतिविधियों से औद्योगिक इकाइयों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।इसमें उद्योग विभाग के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, प्रत्येक इकाई द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर सुरक्षा कैमरे लगाने तथा औद्योगिक क्षेत्र के सभी प्रवेश द्वारों पर कैमरा सिस्टम विकसित करने जैसे सुझाव शामिल रहे।

ईसीसी क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है और इसके प्रभावी समाधान के लिए त्वरित एवं ठोस कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, निरीक्षक गायत्री सोनी, मोहन भारावत एवं उद्योगपति ललित चोपड़ा भी उपस्थित रहे।

Facebook
WhatsApp