जावरा, 12 अप्रैल।सेवा, समर्पण और संस्कारों की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत करते हुए लायंस क्लब जावरा द्वारा रविवार को लायन नेत्र चिकित्सालय परिसर में भव्य पारिवारिक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर एवं विशेष अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र रतलाम के अध्यक्ष के.के. सिंह कालूखेड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।ध्वज वंदना श्रीमती अर्चना चोपड़ा द्वारा प्रस्तुत की गई। स्वागत उद्बोधन में क्लब अध्यक्ष लायन यश जैन ने बताया कि स्व. कुंदनमल भारतीय द्वारा प्रदत्त भूमि पर निर्मित यह नेत्र चिकित्सालय आज सेवा का सशक्त केंद्र बन चुका है।

अपने उद्बोधन में लायन यश जैन ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल वर्तमान सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने जावरा में ब्लड बैंक की स्थापना, रेटिना जैसी जटिल नेत्र बीमारियों के उपचार की स्थानीय सुविधा विकसित करने तथा पूरे जावरा विधानसभा क्षेत्र में सेवा के सशक्त स्तंभ स्थापित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मुख्य अतिथि बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि यह नेत्र चिकित्सालय सेवा का जीवंत तीर्थ है, जहां हजारों जरूरतमंदों को नई दृष्टि मिल रही है। उन्होंने भूमि दानदाता स्व. कुंदनमल भारतीय के योगदान को नमन करते हुए संस्थान के विकास हेतु सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विशेष अतिथि के.के. सिंह कालूखेड़ा ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की निस्वार्थ सेवा भावना प्रेरणादायी है और यह मानव सेवा के उच्च मापदंड स्थापित कर रही है।इस अवसर पर डॉ. एच.एस. राठौर ने स्व. कुंदनमल भारतीय के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए उनके समाज के प्रति समर्पण एवं कार्यशैली का उल्लेख किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वर्गीय कुंदनमल भारतीय की प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण रहा। अतिथियों द्वारा अनावरण कर प्रतिमा को समाज को समर्पित किया गया। एक बीघा भूमि दान कर इस सेवा कार्य की नींव रखने वाले स्व. भारतीय के प्रति यह संस्था की भावपूर्ण श्रद्धांजलि रही।इस दौरान भारतीय परिवार के सदस्य मंच पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि “बाउजी” द्वारा समाज हित में किए गए कार्यों को आज जिस सम्मान के साथ प्रेरणा स्वरूप स्थापित किया गया है, उसके लिए वे वर्तमान अध्यक्ष एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
इसके पश्चात क्लब के पूर्वाध्यक्षों के समर्पण को नमन करते हुए सभी का पगड़ी, शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। पुष्पवर्षा के बीच उनके योगदान का अभिनंदन किया गया। पारिवारिक सभा के अंतर्गत “लक्की लायन” एवं “लक्की लायनेस” उपहार क्रमशः लायन राजकुमार मारवाड़ी एवं श्रीमती पामेचा को प्रदान किए गए।
सचिव लायन अशोक चोपड़ा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विगत 9 माह में हजारों लोगों के निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं सैकड़ों ऑपरेशन किए गए हैं। अब तक चिकित्सालय में 5,500 से अधिक सफल नेत्र ऑपरेशन एवं 65,000 से अधिक ओपीडी दर्ज की जा चुकी है। साथ ही लायंस डायग्नोस्टिक के माध्यम से रियायती दरों पर करीब 4,000 से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया तथा लगभग 180 से अधिक सेवा कार्य संपन्न किए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए चिकित्सालय परिसर में 65 केवी सोलर पैनल स्थापित कर उसका उद्घाटन किया गया। इस पहल के माध्यम से संस्था ने ऊर्जा बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन किया है इस अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग, रीजन चेयरमैन संतोष मेडतवाल, जोन चेयरमैन डॉ. शैलेंद्र पांडे, कोषाध्यक्ष राकेश पी. कोचट्टा, डॉ. दिलीप शाकल्य, पूर्वाध्यक्षगण सहित अनेक लायंस सदस्य एवं भारतीय परिवार के ओमप्रकाश भारतीय, अशोक भारतीय, प्रतीक भारतीय, सुनील पोखरना, कानसिंह चौहान, हरिराम शाह, आजाद ढढहा,ओ.पी. सिंह,सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थितजनों ने कार्यक्रम को गरिमामयी बनाया कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश मेहता एवं शशि मेहता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन लायन राजकुमार मारवाड़ी ने व्यक्त किया

