रतलाम/जनसुनवाई में कलेक्टर मिशा सिंह का सख्त; जनता की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई,181 आवेदनों की सुनवाई

रतलाम। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एक बार फिर सक्रिय नजर आईं। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में उन्होंने स्वयं आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश देकर राहत दिलाई। जनसुनवाई में कुल 181 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, सीमांकन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मिशा सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।

जनसुनवाई के दौरान सरवन निवासी मानसिंह ने अपनी भूमि के सीमांकन को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल तहसीलदार सैलाना को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी प्रकार नौगावांकला निवासी तेजराम ने कृषि भूमि के सीमांकन में लंबे समय से हो रही देरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पूर्व में आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कलेक्टर ने मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए नायब तहसीलदार नामली को निर्देशित किया।

वहीं ग्राम मंडावल निवासी राजेन्द्र सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन पुनः प्रारंभ कराने की मांग रखी। इस प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत आलोट को आवश्यक कार्रवाई कर पात्रता अनुसार शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कई अन्य मामलों का भी मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की सक्रिय कार्यशैली और संवेदनशील पहल से जनसुनवाई आम नागरिकों के लिए भरोसे का मंच बनती जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान हो तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं और त्वरित कार्रवाई की पहल का स्वागत किया।

Facebook
WhatsApp