रतलाम/भाजपा जिला मीडिया प्रकोष्ठ की नवीन टीम का गठन ; अरुण त्रिपाठी फिर बने जिला मीडिया प्रभारी – निलेश बाफना एवं नीरज बरमेचा सहमीडिया प्रभारी नियुक्त,संगठन की मीडिया गतिविधियों को मिलेगी नई मजबूती

रतलाम। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जिला स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने जिला मीडिया प्रभारी एवं जिला सहमीडिया प्रभारियों की घोषणा करते हुए अरुण त्रिपाठी को जिला मीडिया प्रभारी तथा निलेश बाफना एवं नीरज बरमेचा को जिला सहमीडिया प्रभारी नियुक्त किया है।

यह नियुक्तियां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य तथा जिला प्रभारी विवेक जोशी की सहमति से की गई हैं। संगठन ने इन नियुक्तियों के माध्यम से जिले में मीडिया समन्वय, जनसंपर्क और पार्टी की गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को नई गति देने का लक्ष्य रखा है।

भाजपा संगठन का मानना है कि मीडिया संगठन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। ऐसे में अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न राजनीतिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है।

नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अरुण त्रिपाठी, निलेश बाफना एवं नीरज बरमेचा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि तीनों पदाधिकारी संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और भाजपा की नीतियों, योजनाओं तथा जनहित के कार्यक्रमों को मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचारित करेंगे।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन नियुक्तियों से जिले में संगठन और मीडिया के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा की गतिविधियों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

Facebook
WhatsApp