जावरा/मैत्री मिलन समारोह में वरिष्ठजनों को मिला अमूल्य मार्गदर्शन ; सीपीआर से जीवन रक्षा, यातायात से सुरक्षा और योग से स्वास्थ्य का संदेश

जावरा/श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा आयोजित मैत्री मिलन समारोह में स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, योग एवं आध्यात्मिक जीवनशैली को लेकर विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। ज्ञान, जागरूकता और सामाजिक सौहार्द से परिपूर्ण इस कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक शर्मा ने हृदय रोगों की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान जीवनशैली, तनाव, अनियमित खान-पान एवं शारीरिक निष्क्रियता के कारण हृदय संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना आना, सांस लेने में कठिनाई, बेचैनी एवं अचानक कमजोरी जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है।

डॉ. शर्मा ने हृदयाघात की स्थिति में तत्काल सहायता के महत्व को बताते हुए सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुकने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं तथा सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उपस्थित सदस्यों ने भी इस प्रक्रिया को समझा और अपने प्रश्नों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

ट्रैफिक इंचार्ज मोनिका सिंह ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी।

उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से यातायात जागरूकता अभियान में सहभागी बनने और समाज में सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

योग प्रशिक्षक संजय सुराणा ने योग एवं प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है। उन्होंने वरिष्ठजनों के लिए सरल एवं उपयोगी योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर उनके लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं संचालन संस्था के अध्यक्ष अभय सुराणा ने किया। उन्होंने समिति की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के हित में ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर आगामी तीर्थ दर्शन, संत दर्शन एवं श्री नाकोड़ा जी यात्रा की जानकारी भी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि अगला मैत्री मिलन समारोह बिबड़ोद तीर्थ में आयोजित होगा, जहां विभिन्न मंदिरों में प्रभु दर्शन एवं संत-साध्वी भगवंतों के दर्शन का लाभ प्राप्त होगा।

समारोह के दौरान समिति सदस्यों की विवाह वर्षगांठ भी आत्मीय वातावरण में मनाई गई। विवाह वर्षगांठ मनाने वाले दंपत्तियों का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी का गुड डे से मुंह मीठा कराया गया। इस विशेष आयोजन ने समारोह को पारिवारिक एवं भावनात्मक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक प्रदीप सेठिया एवं संस्था के वरिष्ठतम सदस्य आनंदीलाल संघवी ने किया। प्रारंभ में श्रीमती त्रिशला नांदेचा एवं सुनीता मेहता ने मंगल प्रार्थना प्रस्तुत की, जबकि अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष शेखर नाहर ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बसंतीलाल चपड़ोद, अनिल पावेचा, डॉ. सी.एम. मेहता, प्रकाशचंद्र संघवी, वर्धमान मांडोत, श्रेणिक नांदेचा, डॉ. अशोक मंडलेचा, अशोक लुक्कड़, सुभाष डूंगरवाल, प्रकाश कोठारी, अशोक झामर, वीरेंद्र रांका, कमल चपड़ोद, अनिल श्रीश्रीमाल, संतोष सांखला, पुखराज चत्तर, अमृत जैन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

ज्ञान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक समरसता के संदेश से परिपूर्ण यह मैत्री मिलन समारोह उपस्थित सदस्यों के लिए यादगार एवं प्रेरणादायी साबित हुआ, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की

Facebook
WhatsApp