रतलाम, 24 जून। जिले की जावरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक की स्टेफनी में डोडा चूरा भर कर ले जाने वाले पंजाब के तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 16.30 लाख मूल्य का मादक पदार्थ एवं ट्रक जब्त किया है।
थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक PB07CD6340 में स्टेपनी टायर के भीतर डोडाचूरा छिपाकर मंदसौर की ओर से पंजाब ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने जावरा-उज्जैन रोड स्थित जिंदल स्टील के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक की स्टेपनी के अंदर सफेद प्लास्टिक की 26 थैलियों में कुल 26 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा छिपाकर रखा हुआ मिला।
पुलिस ने मौके से 26 किलोग्राम डोडाचूरा (अनुमानित कीमत ₹1,30,000) तथा अशोक लीलैंड ट्रक (अनुमानित कीमत ₹15,00,000) जब्त कर आरोपी बलविन्दर सिंह पिता करनेल सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी शाहपुर, थाना कोराली, जिला मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार किया।
आरोपी के विरुद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 359/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आरोपी से पुलिस रिमांड प्राप्त कर अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी– बलविन्दर सिंह पिता करनेल सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी शाहपुर, थाना कोराली, जिला मोहाली (पंजाब)
जप्त मशरूका
– 26 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (अनुमानित कीमत ₹1,30,000)
– अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक PB07CD6340 (अनुमानित कीमत ₹15,00,000)
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, सहायक उप निरीक्षक नरेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक गोविन्द, कमलेश, मनोज एवं थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की पुलिस टीम की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

