रतलाम/प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं सात बार के विधायक अजय सिंह ‘राहुल भैया’ सोमवार को रतलाम जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान खेतलपुर स्थित रिसोर्ट में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं मालवा विकास मंच के संयोजक राकेश झालानी द्वारा आयोजित ‘सार्थक संवाद-स्नेह मिलन समारोह’ में उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों एवं युवाओं से आत्मीय संवाद किया
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं प्रतिभावान युवाओं का प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया। साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता फतेहलाल कोठारी, विजय स्टीफन एवं डॉ. रजितराम पाण्डेय का भी विशेष सम्मान किया गया।
स्वागत उद्बोधन युवा आदित्य झालानी ने दिया, जबकि संबोधन की शुरुआत युवा सरपंच निष्ठा पुरोहित ने की। कार्यक्रम का संचालन बसंत पंड्या ने तथा आभार प्रदर्शन कमरुद्दीन कच्छवाय ने किया।
अपने संबोधन में राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने पुराने साथियों को पुनः सक्रिय करें तथा युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम एवं पंचायत चुनाव कांग्रेस के लिए “सेमीफाइनल” हैं, जबकि उसके बाद होने वाले विधानसभा चुनाव प्रदेश के भविष्य को तय करने वाली “अंतिम परीक्षा” होंगे।
कार्यक्रम को शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत एवं वरिष्ठ किसान नेता रामचंद्र धाकड़ ने भी संबोधित किया। मंच पर विधायक पारस सकलेचा, पूर्व विधायक लक्ष्मीदेवी खराड़ी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता कांकरिया, सतीश पुरोहित, लक्ष्मण डिंडोर, कोमल धुर्वे, विशाल कंडारे सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
स्नेह मिलन समारोह के पूर्व एवं पश्चात राहुल भैया ने शहर के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवा साथियों के निवास पर पहुंचकर व्यक्तिगत मुलाकात की तथा संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसमस्याओं की जानकारी भी ली।
गांधीनगर क्षेत्र में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने राहुल भैया से मुलाकात कर दलित एवं पिछड़े वर्ग के सामाजिक उत्थान एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर उठाने की मांग की। इस अवसर पर स्थानीय रहवासियों ने राहुल भैया के आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार कोई बड़ा नेता उनके घर पहुंचकर उनसे मिला है।
राहुल भैया उज्जैन संभाग के चार दिवसीय सघन दौरे पर हैं। रतलाम प्रवास के दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से नाराज एवं निष्क्रिय साथियों को पुनः जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही भविष्य में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
अपने मैराथन दौरे के दौरान राहुल भैया ने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, जगदीश राठौड़ पहलवान, पूर्व महापौर पारस सकलेचा, शहर काजी अहमद अली, यास्मीन शेरानी, सतीश पुरोहित, मयंक जाट, संगीता कांकरिया एवं विशाल कंडारे सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने समन्वय एवं प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई, जबकि पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश झालानी पूरे समय राहुल भैया के साथ सक्रिय भूमिका में दिखाई दिए।

