रतलाम। बजरंग नगर स्थित खेड़ापति हनुमान धाम आश्रम में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, नए हनुमान चालीसा केंद्रों की स्थापना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष संतोष पहलवान, राष्ट्रीय बजरंग दल मालवा प्रांत महामंत्री भूपेन्द्र पाटीदार एवं गुप्तकाशी मठ के शिवगिरी जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने संगठन की गतिविधियों को समाज के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान 24 जून को मनाए जाने वाले संगठन के स्थापना दिवस को भव्य एवं उत्साहपूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नए हनुमान चालीसा केंद्र प्रारंभ कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को गति देने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य राष्ट्रहित, धर्म जागरण और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है।
बैठक में लाखन सिंह चंद्रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की आगामी योजनाओं को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन भारत माता एवं भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ।

