रतलाम /महापौर प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में पारित हुए जनहितैषी प्रस्ताव ;शहर की 13 प्राचीन बावड़ियों का होगा सौंदर्यीकरण और जीर्णोधार- 10 करोड से नालो पर लगेंगे सीमेन्ट ब्लॉक

रतलाम, 13।महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में शहर की 13 प्राचीन बावड़ियों के संरक्षण, नालों के आधुनिकीकरण, अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने सहित विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए गए।

महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार शहर की चिन्हित 13 जीर्ण-शीर्ण प्राचीन बावड़ियों का लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे उन्हें उनका पूर्व स्वरूप वापस मिल सके।

इसके अलावा शहर के खुले नालों की रिटेनिंग वॉल के स्थान पर प्री-फेब्रिकेटेड सीमेंट ब्लॉक लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस कार्य पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे नालों में कचरा फेंकने पर रोक लगेगी, जल प्रवाह सुगम होगा तथा ब्लॉकों के ऊपर उपलब्ध स्थान का उपयोग फुटकर विक्रेताओं के लिए बाजार और पार्किंग के रूप में किया जा सकेगा। इस निर्णय के बाद भविष्य में किसी भी नाले की रिटेनिंग वॉल निर्माण की स्वीकृति नहीं दी जाएगी।

बैठक में घरों के सामने खुली नालियों के स्थान पर आरसीसी पाइप ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा प्रत्येक 20 फीट पर जालीयुक्त चैंबर बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, ताकि कचरा जमा न हो और शहर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे।

निगम में रिक्त पदों पर होगी भर्ती

नगर निगम में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए पीईबी (व्यापम) के माध्यम से भर्ती कराने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत उपयंत्री (सिविल) के 2, उपयंत्री (विद्युत) का 1, सहायक यंत्री (सिविल) के 2 तथा सहायक यंत्री (विद्युत) के 2 पदों पर भर्ती की जाएगी।

अवैध नल कनेक्शन होंगे वैध

अवैध नल संयोजनों को समाप्त करने के उद्देश्य से आगामी चार माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में 3,000 रुपये शुल्क देकर अवैध नल कनेक्शनों को वैध कराया जा सकेगा।

उद्योगों को मिलेगा ट्रीटेड वाटर

बैठक में निर्णय लिया गया कि औद्योगिक इकाइयों को एसटीपी प्लांट से प्राप्त ट्रीटेड पानी 12 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।

पीएम आवास योजना के फ्लैटों का आवंटन

प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक अंतर्गत बंजली में निर्मित एलआईजी फ्लैटों में से चार आवेदकों को “प्रथम आओ, प्रथम पाओ” के आधार पर अस्थायी आवंटन की स्वीकृति प्रदान की गई।

दुकानों की नीलामी प्रक्रिया को मंजूरी

भारत सरकार की एनपीसीए योजना के तहत अमृत सागर तालाब संरक्षण एवं प्रबंधन परियोजना अंतर्गत त्रिपोलिया गेट चौराहे के समीप अमृत सागर परिसर में निर्मित 7 दुकानों तथा लोकेन्द्र भवन रोड स्थित एमपी-43 फूड प्लाजा में निर्मित 43 दुकानों के आरक्षित मूल्य निर्धारण एवं आगामी कार्रवाई की शर्तों को महापौर परिषद ने मंजूरी दी।

बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल के अलावा एमआईसी सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, अनिता कटारा, दिलीप गांधी, धर्मेंद्र व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, मनोहरलाल (राजू) सोनी, रामूभाई डाबी, निगम आयुक्त अनिल भाना, कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, सहायक यंत्री अनवर कुरेशी, उपयंत्री मनीष तिवारी, स्वच्छता अधिकारी राजेंद्रसिंह पंवार, निगम सचिव राजेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Facebook
WhatsApp