रतलाम। शहर के प्रतिभावान कलाकारों को जिस पल का सालभर से बेसब्री से इंतजार था, वह पल आखिरकार बीते दिनों साकार हो गया। ‘नई शुरुआत सोशल एंड वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन’ द्वारा शहर के ऐतिहासिक कालिका माता मंदिर गार्डन में ‘टैलेंट ऑफ रतलाम’ के तीसरे सीजन का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस गौरवशाली मंच पर शहर के उभरते हुए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर दर्शकों और निर्णायकों (जजेस) की जमकर वाहवाही बटोरी
सामाजिक मुद्दों और नारी शक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने झकझोरा
कार्यक्रम को लेकर रतलाम के दर्शकों में भारी उत्साह और हुजूम देखने को मिला। मंच पर कलाकारों की कला इस कदर परवान चढ़ी कि समय की पाबंदी के कारण कई बेहतरीन कलाकारों को जजेस के कमेंट्स से वंचित तक रहना पड़ा, जबकि कई अद्भुत प्रस्तुतियों पर जजेस खुद को टिप्पणी और तारीफ करने से रोक नहीं पाए। मंच पर कई परफॉर्मेंस सीधे दिल को छू लेने वाली थीं, जिनमें से कई प्रस्तुतियां ‘मां’ को समर्पित थीं। इसके साथ ही कलाकारों ने गंभीर सामाजिक विषयों जैसे महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, अपहरण, एसिड अटैक और बलात्कार के दर्द को नृत्य और नाटक के माध्यम से जीवंत किया, तो वहीं इसके विरोध में उठ खड़ी होने वाली ‘नारी शक्ति’ के रूप को भी दमदार तरीके से दर्शाया
एलईडी स्क्रीन पर दिखी संस्था की उपलब्धियां,अध्यक्ष का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ‘नई शुरुआत सोशल एंड वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन’ द्वारा समाज हित में किए जा रहे उत्कृष्ट और सराहनीय कार्यों को एक विशेष एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दर्शकों के सामने प्रदर्शित किया गया। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष हिम्मत जैथवार को मंच पर आमंत्रित कर उनकी पूरी टीम के सेवा कार्यों के लिए उनका भव्य सम्मान किया गया। इस शानदार और गरिमामय कार्यक्रम का कुशल संचालन मंच संचालक मनोज गंधर्व द्वारा किया गया। इस कड़े मुकाबले में विजेताओं को चुनने की जिम्मेदारी शहर के प्रबुद्ध निर्णायकों पर थी, जिसमें सिंगिंग जजेस हरीश दर्शन शर्मा एवं इकबाल ख़ान और डांस जजेस साक्षी सोलंकी एवं चन्द्रभान सिंह वाघेला रहे।
ये रहे ‘टैलेंट ऑफ रतलाम’ सीजन-3 के विजेता
कार्यक्रम के अंतिम चरण में जजेस द्वारा कड़े मुकाबले के बाद गायन और नृत्य विधा के विजेताओं के नामों की घोषणा की गई, जिसमें गायन श्रेणी में प्रथम विजेता रूद्राणी तांडेल, द्वितीय विजेता गरिमा पाटीदार और कीर्ति पाटीदार और वहीं तृतीय विजेता मोइन अहमद रहे। सोलो डांस श्रेणी प्रथम विजेता माधव वर्मा, द्वितीय विजेता प्रियांशी पाटीदार और तृतीय विजेता ईशानी राठौड़ रही। ग्रुप एवं डुएट डांस श्रेणी में प्रथम विजेता पॉइजन एंजल, द्वितीय विजेता कोइना और शेफाली गुर्जर और तृतीय विजेता व्योम गर्ल्स रहे। ऑडियंस चॉइस स्पेशल परफॉर्मेंस में अंशिका बुंदेला, खुशी लोहार और भाग्य श्री राठौड़, संयम गर्ग रहे।

