राजस्व कॉलोनी में कुत्तों का आतंक ; रिटायर्ड अधिकारी प्रहलाद सिंह राठौर का निधन,स्कूटी का पीछा करने के कारण हादसा, नगर निगम के खिलाफ रहवासियों में आक्रोश

रतलाम, 31 मई शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। राजस्व कॉलोनी में शनिवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा स्कूटी का पीछा किए जाने से हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल 85 वर्षीय सेवानिवृत्त कृषि विस्तार अधिकारी प्रहलाद सिंह राठौर का रविवार सुबह उपचार के दौरान निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार प्रहलाद सिंह राठौर अपनी नातिन के साथ डॉक्टर को दिखाने के लिए स्कूटी से घर से निकले थे। शाम करीब 6:30 बजे जब वे राजस्व कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के समीप पहुंचे, तभी आवारा कुत्तों का एक झुंड भौंकते हुए स्कूटी के पीछे दौड़ पड़ा। कुत्तों से बचने के प्रयास में स्कूटी की रफ्तार बढ़ानी पड़ी, लेकिन सामने आए स्पीड ब्रेकर पर वाहन उछलने से संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए।

हादसे में प्रहलाद सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई। हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन आईसीयू में उपचार के दौरान रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।बताया गया है कि प्रहलाद सिंह के पुत्र रामसिंह का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उनकी बेटी कृष्णा बच्चों के साथ बेंगलुरु से पिता से मिलने रतलाम आई हुई थीं।

नगर निगम के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद क्षेत्रीय रहवासियों में नगर निगम प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई स्थानों पर इनके झुंड खुलेआम घूमते रहते हैं। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का सड़क पर निकलना जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी कुछ दिनों पूर्व ही राजस्व कॉलोनी में एक महिला पर भी कुत्तों ने हमला किया था। कुत्तों से बचकर भागने में महिला गिरकर घायल भी हुई थी।इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Facebook
WhatsApp