रतलाम में बड़ा हादसा टला ; आलोट के पास राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग -दिल्ली-मुंबई रेल रूट घंटों प्रभावित,अफरा-तफरी के बीच यात्रियों ने बचाई जान

रतलाम, 17 मई तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12431 में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोटा रेल मंडल के लूणीरीच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुई, जहां ट्रेन के बी-1 कोच में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते दो कोच प्रभावित हो गए।

रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कोचों को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेलवे की राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का कार्य जारी है। रेलवे स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया है, ताकि यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

रतलाम कंट्रोल को कोटा कंट्रोल से सुबह 5:20 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद रतलाम से एआरटी (Accident Relief Train), एआरएमई (Accident Relief Medical Equipment) तथा टावर वैगन को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम रतलाम भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं रेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आग लगने की घटना के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने में जुटा हुआ है।

Facebook
WhatsApp