रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने संचालक मंडल पदाधिकारी गण के साथ योजनाओं का किया सघन दौरा ;यातायात नगर योजना के लंबित विकास कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण करें- श्री पोरवाल

रतलाम,17 मई । रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम सालाखेड़ी में विकसित की जा रही यातायात नगर योजना के लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाए ।

उक्त निर्देश प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने दिए श्री पोरवाल ने संचालक मंडल पदाधिकारी गण के साथ योजनाओं का सघन दौरा किया

योजनाओं के निरीक्षण के दौरान श्री पोरवाल के साथ प्राधिकरण उपाध्यक्ष द्वय गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी तथा सदस्य गण सर्व राजेंद्र सिंह गोयल, राजेंद्र मौर्य, धीरज व्यास एवं श्रीमती राखी व्यास तथा श्रीमती किरण महावर भी उपस्थित थे ।

ज्ञातव्य है कि प्राधिकरण द्वारा ग्राम सालाखेड़ी में रुपए 50.02 करोड़ की लागत से 35.00 हेक्टेयर क्षेत्रफल में यातायात नगर योजना का विकास कार्य किया जा रहा है । प्राधिकरण द्वारा योजना के लगभग 60 प्रतिशत विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं एवं शेष विकास कार्यों की पूर्णता हेतु आवश्यक तकनीकी एवं वित्तीय प्रबंधन कार्य किया जा रहा है । योजना के विकास के प्रथम चरण में शासकीय भूमि( 18.160 हेक्टेयर ) एवं द्वितीय चरण में निजी भूमि( 16.84 हेक्टेयर ) सम्मिलित है

रतलाम विकास प्राधिकरण के जनसंपर्क अधिकारी योगेश शुक्ला ने बताया कि प्राधिकरण पदाधिकारीगण ने इसके पश्चात करमदी में विकसित मां कालिका विहार योजना का निरीक्षण किया, प्राधिकरण ने इस योजना के अंतर्गत 3.330 हेक्टेयर भूमि क्षेत्रफल में 160 भूखंडों का विकास किया है। अध्यक्ष ने इस योजना में शेष रह गए अल्प विकास कार्यों को तत्परता के साथ पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए ताकि योजना के नगर निगम को हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्रतापूर्वक निष्पादित की जा सके प्राधिकरण द्वारा सैलाना रोड स्थित ग्राम बंजली में विकसित परशुराम विहार योजना का भी पदाधिकारीगण ने निरीक्षण किया, इस योजना के अंतर्गत कुल 9.800 हेक्टेयर भूमि क्षेत्रफल में प्राधिकरण ने 296 भूखंडों का विकास किया है,अध्यक्ष श्री पोरवाल ने इस योजना में अवि क्रीत भूखंडों पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देश दिए ।

पदाधिकारीगण ने प्राधिकरण द्वारा त्रिवेणी मेला स्थल के निकट प्रस्तावित योजना क्रमांक टीडीएस -2 के योजना स्थल का भी निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए

मानसून के पहले कर लिए जाएंगे लंबित कार्य : सीईओ

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण आदि के लंबित विकास कार्य मॉनसून पूर्व पूर्ण कर लिए जाएंगे ।योजना निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे ।

Facebook
WhatsApp