इंदौर: मध्य प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. इंदौर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपी रोहित बर्रा को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि रोहित वर्चुअल नंबर जनरेट करके लॉरेंस बिश्नोई गैंग को सौंप देता था, फिर गैंग से जुड़े लोग कॉल के जरिए व्यापारियों को धमकाकर लाखों रुपये की रंगदारी की मांग करते थे. फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ में जुटी है और बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
इंदौर में पिछले दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई बदमाशों द्वारा शहर के एक कारोबारी को धमकी भरे फोन किए गए थे. जिसके बाद फरियादी क्राइम ब्रांच पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुवार को रोहित बर्रा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है
आरोपी के मोबाइल से चौंकाने वाला खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी रोहित बर्रा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अलग-अलग सदस्यों को वर्चुअल नंबर मुहैया कराता था और उन्हीं वर्चुअल नंबर के माध्यम से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों द्वारा व्यापारियों को धमकी भरे फोन कॉल किए जाते थे. रोहित बर्रा पूर्व में पकड़े गए आरोपी सचिन शर्मा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था. दोनों की व्हाट्सएप कॉलिंग और कई तरह की डिटेल पुलिस को मिली है
आरोपी रोहित मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला है और सट्टे का कारोबार करता था जानकारी में पुलिस को यह भी सामने आया है कि आरोपी रोहित, लॉरेंस बिश्नोई गैंग को उन व्यापारियों की जानकारी भी उपलब्ध करवाता था, जिनके पास काफी अधिक मात्रा में संपत्ति है
इंदौर डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया, “पूर्व में गिरफ्तार सचिन शर्मा के मोबाइल से रोहित बर्रा की जानकारी मिली थी, सचिन ने पूछताछ में रोहित का नाम बताया था. जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित बर्रा को गिरफ्तार किया है. पूछताछ चल रही है और कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. “

