रतलाम सर्किल जेल में हड़कंप ; जेल में 19 वर्षीय बंदी से यौन शोषण कोर्ट ने दिए आदेश -मेडिकल बोर्ड से जांच और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान करवाया, आज होगा मेडिकल

रतलाम, 11 मई रतलाम जिला सर्किल जेल से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एनडीपीएस एक्ट में बंद 19 वर्षीय युवक ने जेल के भीतर ही एक अन्य बंदी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। मामला अदालत तक पहुंचने के बाद न्यायालय ने तत्काल मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराने के आदेश दिए हैं, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई है

जानकारी के अनुसार युवक को कुछ समय पहले एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोप है कि जेल में बंद एक अन्य आरोपी, जो दुष्कर्म के मामले में निरुद्ध है, ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। पीड़ित ने पहले जेल प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन कथित तौर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में जब उसके पिता मुलाकात के लिए जेल पहुंचे तो युवक ने उन्हें पूरी आपबीती बताई।

परिजनों ने जेल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एडवोकेट से संपर्क किया। वकील 8 मई को जेल पहुंचे और युवक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित के पिता के शपथ-पत्र के आधार पर जावरा स्थित एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश की कोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायालय ने जिला जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित का मेडिकल बोर्ड या मुख्य चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया जाए तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज करवाए जाएं। न्यायालय के आदेश के बाद जेल प्रशासन हरकत में आया है।

जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित बंदी का मेडिकल परीक्षण सोमवार को कराया जाएगा।

वहीं, एडवोकेट देवेंद्र भटनागर का कहना है कि आरोप बेहद गंभीर हैं और निष्पक्ष जांच जरूरी है। मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दर्ज बयान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

Facebook
WhatsApp